August 24, 2026 5:40 am

77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन 14 अगस्त को रायसीना रोड स्थित गैरतपुर क्षेत्र में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

गुरुग्राम, 13 अगस्त

डॉ. अर्चना गुप्ता होंगी मुख्य अतिथि, पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला गुरुग्राम में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन शुक्रवार, 14 अगस्त को प्रातः 9 बजे रायसीना रोड स्थित डीपीएस स्कूल के सामने गांव ग़ैरतपुर बास क्षेत्र में किया जाएगा। वन महोत्सव के माध्यम से जिले में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता पैदा करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया जाएगा।

वन एवं वन्य प्राणी तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी, डेयरी विकास निगम के अध्यक्ष राम अवतार गर्ग तथा गुरुग्राम की मेयर राज रानी मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि गरिमापूर्ण उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी है। आमजन से भी वन महोत्सव में सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने का आह्वान किया जाएगा।

डीएफओ सुरेंद्र डांगी ने बताया कि वन महोत्सव पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। बढ़ते शहरीकरण के बीच जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों से वन महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!