August 24, 2026 4:51 am

गुरुग्राम कांग्रेस के शहरी एवं ग्रामीण अध्यक्ष समेत 12 पर केस दर्ज

गुरुग्राम कांग्रेस के शहरी एवं ग्रामीण अध्यक्ष समेत 12 पर केस दर्ज
सीएम के काफिले में बाधा डालने के आरोप में की गई कार्रवाई
गुरुग्राम, 22 अगस्त । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शनिवार को गुरुग्राम दौरे के दौरान उनके काफिले की सुरक्षा में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में 12 नामजद सेत कई कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एएसआई चांद राम की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस को दी शिकायत में एएसआई चांद राम ने कहा कि वह 21 अगस्त को मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आगमन के दौरान कानून व्यवस्था संभालने के लिए क्यूआरटी वेस्ट टीम के साथ सिविल लाइन रोड पर तैनात थे। स्वतंत्रता सेनानी हॉल सिविल लाइन में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला यहां से राजीव चौक की ओर रवाना हुआ। आरोप है कि राजीव चौक की ओर लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही बाईं ओर की गली से कुछ लोग अचानक सडक़ पर आ गए और काफिले के सामने पहुंचकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इसके चलते सुरक्षा कारणों से सीएम के काफिले को तत्काल दाईं ओर से मोडक़र निकाला गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने तथा नारेबाजी बंद करने का अनुरोध किया।

आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने एएसआई चांद राम और क्यूआरटी के अन्य जवानों के साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई की। एएसआई की वर्दी भी फाड़ दी। इस झड़प में एएसआई चांद राम और ईएचसी कर्मबीर घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों का सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव, जिलाध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर, हरकेश, अमन प्रजापत, राजीव यादव, नीरज यादव, विकास हुड्डा, मुकेश डागर, शिव, निखिल, अनुज तथा डॉ. हरेन्द्र सहरावत को नामजद किया है।
शिकायत में पांच-छह अज्ञात लोगों का भी जिक्र किया गया है। ये घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार मौके से हरकेश नामक एक आरोपी को काबू कर लिया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले में जांच अधिकारी एसआई शालिंदर ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!