39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल
हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए हरियाणा के खिलाड़ियों को भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने कुल 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया है। इनमें से 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा जीते गए 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। इनमें प्रदेश की पांच बेटियां भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और हरियाणा सरकार की ओर से देशवासियों तथा सभी खिलाड़ियों को बधाई दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत खेल नीति तैयार की गई है, जिसके परिणाम आज खेल के मैदान में दिखाई दे रहे हैं।
9 अगस्त से शुरू होगी तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी प्रदेश में 9 अगस्त से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा 17 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। आज यह अभियान देश में एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान को वंदे मातरम को समर्पित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम को साथ लेकर चलना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन भागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ-साथ स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
महेंद्रगढ़ में होगा तिरंगा कॉन्सर्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम की भावना से ओतप्रोत तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सेल्फी विद तिरंगा अभियान इस पूरे कार्यक्रम की प्रमुख डिजिटल गतिविधि होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि तिरंगे को पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ फहराया जाए और हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक लोग भाग लें।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2021 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आगामी 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा।
हरियाणा में इसका राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, 13 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन से जुड़ी एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं राज्य स्तरीय कार्यक्रम का समापन 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा के साथ किया जाएगा।
गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 को शुरू किया गया है और 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।
अभियान की शुरुआत संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुई। वहां पवित्र मिट्टी युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इसके बाद वाराणसी से शुरू हुई कलश यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान से यात्रा के माध्यम से लाई गई पवित्र मिट्टी गुरुग्राम पहुंच चुकी है। इस कलश यात्रा के स्वागत में गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
5 अक्टूबर से निकलेगी गुरु रविदास समरसता यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली तक भव्य श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इन सभी आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेगी और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान देगी।
















