गुरुग्राम 7 अगस्त: शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका के बीच गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने सभी थाना प्रभारियों (SHO) और पुलिस अधिकारियों को तत्काल सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।
पुलिस की टीमें सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और जलभराव वाले इलाकों में तैनात हैं, ताकि ट्रैफिक को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। पुलिस के अनुसार, शहर के अधिकांश हिस्सों में यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। हालांकि, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस लगातार ट्रैफिक की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का भी उपयोग कराया जा रहा है, ताकि लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।
गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो वाहन धीमी गति से चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। साथ ही, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। ऐसे में आम जनता का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।















