August 24, 2026 5:13 pm

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कांग्रेस द्वारा काले झंडे दिखाने की ओछी राजनीति के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कांग्रेस द्वारा काले झंडे दिखाने की ओछी राजनीति के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री के काफिले के सामने प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम, 24 अगस्त। गत दिनों गुरुग्राम में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में पहुंचे हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के काफिले के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाकर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी गुरुग्राम ने कड़ा आक्रोश जताया। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी के नेतृत्व में सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और डीसीपी वेस्ट को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे प्रकरण में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी संवैधानिक पद पर आसीन मुख्यमंत्री के काफिले के सामने इस प्रकार का प्रदर्शन करना न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी कीमत पर सामान्य नहीं माना जा सकता।

इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर बौखलाहट में इस प्रकार की ओछी राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के करोड़ों लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनके काफिले की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करना गंभीर विषय है। लोकतंत्र में विरोध करने के लिए संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके उपलब्ध हैं, लेकिन कानून को हाथ में लेने और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में पूर्ण विश्वास रखती है। भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास करते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया यह प्रदर्शन उनकी हताशा और बौखलाहट को दर्शाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का साहस न कर सके।

सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है। यही कारण है कि कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने के बजाय केवल विरोध और नकारात्मक राजनीति का सहारा रह गया है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट मांग की कि मुख्यमंत्री के काफिले के सामने प्रदर्शन करने वाले सभी संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जा सकती। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग उठाई।

इस अवसर पर गुरुग्राम महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत यादव, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, कुलदीप यादव, हितेश भारद्वाज, लाभार्थी योजना के प्रदेश सह संयोजक महेश यादव, पार्षद एवं सभी मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा पदाधिकारी एवं सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!