August 24, 2026 1:43 pm

निशांत कुमार को लेकर देवेश चंद्र ठाकुर का बड़ा बयान, बोले- भविष्य में मुख्यमंत्री क्यों नहीं?

निशांत कुमार को लेकर देवेश चंद्र ठाकुर का बड़ा बयान, बोले- भविष्य में मुख्यमंत्री क्यों नहीं?

पटना 24 अगस्त /बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री पद के संभावित उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार भविष्य में बिहार के मुख्यमंत्री के पद तक पहुंच सकते हैं।ठाकुर रविवार को सीतामढ़ी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी अपने लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे, जहां जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

देवेश चंद्र ठाकुर ने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने राज्य के विकास के लिए काफी काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निशांत कुमार भी अपने पिता के राजनीतिक अनुभव और कार्यशैली से सीख लेकर सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह निशांत कुमार को भविष्य में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखते हैं, तो ठाकुर ने कहा कि राजनीति में संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार राजनीति में आगे बढ़ें और बड़ी जिम्मेदारियां संभालें, इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

मार्च में सक्रिय राजनीति में आए निशांत

निशांत कुमार ने इसी साल मार्च में सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद बिहार की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इसी दौरान नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया, जिससे मुख्यमंत्री के रूप में उनके लंबे राजनीतिक सफर का अंत हुआ।सूत्रों और पार्टी नेताओं के बीच यह चर्चा भी रही कि निशांत कुमार को नई सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, शुरुआत में उपमुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव मिलने की बात सामने आई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। बाद में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल में शामिल होने का फैसला किया और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाली।

मंत्री के कामकाज पर अभी फैसला जल्दबाजी

निशांत कुमार के स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें राजनीति में आए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। ऐसे में उनके कामकाज का मूल्यांकन करना जल्दबाजी होगी।उन्होंने कहा कि किसी भी नए नेता को अपनी कार्यशैली स्थापित करने और जनता के बीच भरोसा बनाने के लिए समय दिया जाना चाहिए।वहीं, सीतामढ़ी पहुंचे निशांत कुमार ने भी लोगों से जुड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी आकर वह उत्साहित हैं और वह चाहते हैं कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, खासकर महिलाओं, ओबीसी और ईबीसी समुदाय के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

जदयू कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह

निशांत कुमार के स्वागत के दौरान जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी के स्थानीय नेताओं और समर्थकों का कहना था कि नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से पीछे हटने के बाद पार्टी में नेतृत्व को लेकर जो सवाल उठ रहे थे, उन्हें निशांत कुमार की सक्रियता से नई दिशा मिल रही है।देवेश चंद्र ठाकुर का बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार की राजनीति में जदयू के अगले नेतृत्व को लेकर अटकलें जारी हैं। हालांकि निशांत कुमार अभी राजनीतिक सफर की शुरुआत में हैं, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की ओर से मिल रहा समर्थन उनके भविष्य को लेकर चर्चाओं को जरूर हवा दे रहा है।फिलहाल यह साफ नहीं है कि निशांत कुमार को आने वाले समय में पार्टी में कितनी बड़ी भूमिका मिलेगी, लेकिन देवेश चंद्र ठाकुर के बयान ने बिहार की सियासत में उत्तराधिकार की बहस को जरूर नई चर्चा दे दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!