गुरुग्राम, 27 जुलाई 2026
शिव नादर स्कूल, गुड़गांव के छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाते हुए इटली में आयोजित प्रतिष्ठित Dancing Italy – International Dance Festival & Contest 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। कक्षा 6 से 10 तक के 13 विद्यार्थियों की टीम ने कंटेम्पररी फ्यूजन ग्रुप डांस (11–13 वर्ष) श्रेणी में बेस्ट डांस टीम अवॉर्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया।

6 जुलाई 2026 को इटली के रिमिनी शहर में आयोजित प्रतियोगिता में दुनिया के 23 देशों की 47 प्रस्तुतियों के बीच कड़े मुकाबले के बाद शिव नादर स्कूल की टीम ने अपनी मौलिक प्रस्तुति “Clash of Personalities” के दम पर पहला स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि से पहले विद्यार्थियों ने 1 से 5 जुलाई 2026 तक ग्रीस के एथेंस स्थित डोरा स्ट्रैटो थिएटर में आयोजित 64वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ डांस रिसर्च में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। यह कार्यक्रम UNESCO से संबद्ध Conseil International de la (CID) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें दुनिया भर के कलाकारों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय कला और संस्कृति की छाप छोड़ी।
शिव नादर स्कूल, गुड़गांव के प्रिंसिपल समीर अरोड़ा ने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि कला शिक्षा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग और आत्म-अभिव्यक्ति की भावना को भी मजबूत करती है।
पुरस्कार विजेता प्रस्तुति “Clash of Personalities” में बैले, कंटेम्पररी, जैज़, लिरिकल डांस और कथक का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इस प्रस्तुति के माध्यम से पहचान, व्यक्तित्व, आत्म-खोज और सामाजिक अपेक्षाओं के बीच संतुलन जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के व्यक्तिगत अनुभवों और भावनाओं पर आधारित इस नृत्य ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
इस सफलता के पीछे कई महीनों की कठोर तैयारी, ग्रीष्मकालीन विशेष प्रशिक्षण शिविर, तकनीकी अभ्यास और रचनात्मक शोध शामिल रहा। विद्यार्थियों ने अपनी व्यक्तिगत यात्रा को समझने और उसे मंच पर जीवंत रूप देने के लिए विशेष जर्नल भी तैयार किए। टीम के कई सदस्य पिछले तीन से चार वर्षों से एक साथ प्रशिक्षण ले रहे थे, जिसका परिणाम यह ऐतिहासिक उपलब्धि बनी।
इस टीम का मार्गदर्शन डांस फैकल्टी आमिर सैफी, शिरिषा कंवर, हेड ऑफ आर्ट्स रश्मि शर्मा तथा सेंट्रल आर्ट्स लीड नील सेनगुप्ता ने किया। उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया।
शिव नादर स्कूल के Aha! Arts के अंतर्गत विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय, लोक एवं अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनमें रचनात्मकता, अनुशासन और कलात्मक उत्कृष्टता का विकास हो सके।
यह शिव नादर स्कूल, गुड़गांव की हाल के वर्षों में पहली अंतरराष्ट्रीय डांस प्रतियोगिता की बड़ी जीत है। इससे पहले वर्ष 2025 में स्कूल की कथक टीम ने जॉर्जिया के त्बिलिसी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन किया था।
















