हरियाणा में नकली दवाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, गुरुग्राम में एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देश पर एफडीए की सख्त कार्रवाई, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नकली दवा गिरोहों का हुआ पर्दाफाश
गुरुग्राम, 21 जुलाई। हरियाणा सरकार प्रदेश में नकली एवं मिलावटी दवाओं के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर लगातार कार्रवाई कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देश पर स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता के नेतृत्व में हरियाणा फूड एवं ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने राज्यभर में अवैध दवा कारोबार पर शिकंजा कस दिया है। विशेष रूप से गुरुग्राम में सक्रिय अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नकली दवा नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कई बड़े गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया है।
ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान ने बताया कि एफडीए गुरुग्राम की प्रवर्तन टीम ने पिछले कुछ वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल मामलों का खुलासा कर नकली दवाओं के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान करोड़ों रुपये की नकली दवाएं जब्त की गईं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
टोफाजैक दवा मामले में हजारों नकली गोलियां बरामद
वर्ष 2024 में गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित एक मेडिकल स्टोर और आवासीय परिसर पर एफडीए ने छापेमारी कर गठिया रोग के उपचार में इस्तेमाल होने वाली टोफाजैक दवा की 1,000 से अधिक नकली डिब्बियां बरामद की थीं। इस कार्रवाई में यूसुफ खान, मोहम्मद जुबैर और मोहम्मद नसीम को गिरफ्तार किया गया, जबकि नियामत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) इंजेक्शन रैकेट का पर्दाफाश
वर्ष 2025 में एफडीए गुरुग्राम ने नकली हेड ऑन (Somatropen) हार्मोन इंजेक्शन के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क कूरियर सेवाओं और अवैध वितरण चैनलों के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। मामले में हरी ओम को गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत 20 जुलाई 2026 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दी।
70 लाख रुपये के नकली माउंटजारो इंजेक्शन जब्त
अप्रैल 2026 में एफडीए ने गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-4 और सेक्टर-69 में छापेमारी कर नकली माउंटजारो (Mounjaro) इंजेक्शन के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। इस कार्रवाई में लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के नकली इंजेक्शन जब्त किए गए। मौके से अवि शर्मा और मुजामिल खान को गिरफ्तार किया गया, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
टेल्मा-एएम नकली दवा मामले में अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब
जुलाई 2026 में एफडीए गुरुग्राम ने नकली टेल्मा-एएम टैबलेट के निर्माण और वितरण में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। जांच में पता चला कि दिल्ली के ओखला स्थित एक बिना लाइसेंस वाले थोक विक्रेता के माध्यम से नकली दवाएं गुरुग्राम के मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाई जा रही थीं।
इस मामले में पहले सुव्रत को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जुबैर को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एफडीए गुरुग्राम और दिल्ली एफडीए की संयुक्त टीम ने ओखला स्थित परिसर पर छापेमारी कर 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद कीं, जिन्हें बिना वैध ड्रग लाइसेंस के रखा गया था। यह संयुक्त कार्रवाई 20 जुलाई की देर रात 2:10 बजे तक चली।
अब तक 12 गिरफ्तारियां, लगातार जारी है अभियान
एफडीए गुरुग्राम की प्रवर्तन टीम, जिसमें ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान, सुरेश कुमार और मुकेश कुमार शामिल हैं, ने इन मामलों में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई है। इनमें से 10 गिरफ्तारियां सीधे तौर पर अमनदीप चौहान की जांच और फील्ड ऑपरेशन के दौरान हुई हैं।
लोगों से की गई विशेष अपील
हरियाणा एफडीए ने आम नागरिकों, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि वे दवाएं केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें। यदि किसी को नकली दवाओं, संदिग्ध पैकेजिंग या अवैध दवा कारोबार की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एफडीए को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नकली दवाओं के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
















