जीएमडीए की बड़ी कार्रवाई, करीब 16 किलोमीटर सड़क मार्गों से हटाए अतिक्रमण
अवैध ढांचे, खोखे और शेड हटाए, फुटपाथ व सार्वजनिक स्थानों से निर्माण सामग्री समेत अन्य अवरोध भी हटाए
सेक्टर-17-18, सनाथ रोड, सेक्टर-30 से 41, सेक्टर-60 से 67 और सोहना रोड पर चला अभियान, रोड की जमीन व सार्वजनिक स्थान किए अतिक्रमण मुक्त
गुरुग्राम, 24 अगस्त: गुरुग्राम को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और सेक्टरों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री पी.सी. मीणा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में करीब 16 किलोमीटर सड़क मार्गों और रोड की जमीन (आरओडब्लू ) को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।बारिश के बावजूद जीएमडीए की एनफोर्समेंट टीमें पूरे समय मौके पर सक्रिय रहीं और सड़कों, फुटपाथों, रोड की जमीन तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध ढांचों, खोखों, शेड और अन्य अस्थायी व स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।

करीब 16 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई
जीएमडीए के डीटीपी एनफोर्समेंट आर.एस. बाठ के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सेक्टर-17-18, सनाथ रोड, सेक्टर-30, 31, 32, 38, 39, 40 व 41, सेक्टर-60 से 67 तथा सोहना रोड को शामिल किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना, यातायात सुचारु करना, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थानों का निर्धारित उपयोग सुनिश्चित करना रहा।सेक्टर-17-18 में करीब 2 किलोमीटर रोड की जमीन और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां 10 स्थायी शेड, अवैध खोखे तथा अन्य अतिक्रमणकारी ढांचों को हटाया गया।सनाथ रोड पर करीब 2 किलोमीटर सड़क मार्ग पर कार्रवाई की गई। सड़क और रोड की जमीन पर खड़े अवैध रेहड़ी-ठेलों को हटाया गया, जिससे सड़क का उपयोगी हिस्सा खुला और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिली।सेक्टर-30, 31, 32, 38, 39, 40 और 41 में करीब 5 किलोमीटर सड़क मार्ग और रोड की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान सार्वजनिक भूमि और सड़क के किनारे बनाए गए 20 से अधिक अवैध खोखे, टिन शेड और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए गए।

इसी प्रकार सेक्टर-60 से 67 में करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां सार्वजनिक स्थानों और रोड की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के रूप में सामने आए 7 स्थायी ढांचों को ध्वस्त कर हटाया गया।सोहना रोड पर जीएमडीए क्षेत्र में करीब 2 किलोमीटर हिस्से को अभियान में शामिल किया गया। यहां करीब 15 अस्थायी व स्थायी दुकानें, ढांचे और अन्य अतिक्रमण हटाकर रोड की जमीन को खाली कराया गया।अतिक्रमणकारी ढांचों को हटाने के साथ-साथ प्रवर्तन टीमों ने फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर रखी निर्माण सामग्री तथा अन्य सामान को भी हटाया। इससे पैदल चलने के रास्ते खुले और सड़क, फुटपाथ तथा सार्वजनिक भूमि का निर्धारित उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिली।
अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस की नीति
जीएमडीए के सीईओ श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि सार्वजनिक भूमि, सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण को लेकर प्राधिकरण की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क की क्षमता प्रभावित होने, पैदल यात्रियों की आवाजाही बाधित होने और सार्वजनिक स्थानों के नियोजित उपयोग में रुकावट आने को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने एनफोर्समेंट टीमों को शहरभर में नियमित निरीक्षण जारी रखने और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।जीएमडीए की ओर से स्पष्ट किया गया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण का फोकस रोड की जमीन को सुरक्षित रखने, सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने, फुटपाथों को पैदल यात्रियों के लिए सुगम बनाने तथा शहर के सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित एवं उपयोग योग्य बनाए रखने पर रहेगा।

















