नई दिल्ली 20 अगस्त / हॉकी वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल करते हुए अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत के प्रदर्शन को लेकर पूर्व भारतीय हॉकी कोच हरेंद्र सिंह ने एबीपी न्यूज से खास बातचीत में टीम की रणनीति और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
हरेंद्र सिंह ने कहा कि पहले और दूसरे क्वार्टर में भारत ने जिस आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया, वह जीत की सबसे बड़ी वजह रही। तेज शुरुआत के कारण पाकिस्तान पर लगातार दबाव बना और भारत ने शुरुआती बढ़त हासिल की। उन्होंने कहा कि ऑफेंस और डिफेंस के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला, जिससे टीम को मैच पर नियंत्रण बनाने में मदद मिली।

हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक के प्रदर्शन की भी हरेंद्र सिंह ने विशेष रूप से तारीफ की। हरमनप्रीत ने दो गोल कर एक बार फिर अपनी शानदार पेनल्टी कॉर्नर क्षमता साबित की। वहीं, अभिषेक ने भी दो गोल किए, जिसमें उनका रिवर्स फ्लिक से किया गया गोल बेहद खास रहा। हरेंद्र सिंह के मुताबिक, हरमनप्रीत की खासियत यह है कि वह सिर्फ ड्रैग फ्लिक ही नहीं, बल्कि स्लैप शॉट समेत कई तरीकों से गोल कर सकते हैं।
हालांकि, भारत के तीन गोल खाने को लेकर उन्होंने डिफेंस की कुछ कमजोरियों की ओर भी इशारा किया। उनके मुताबिक मैच के कुछ हिस्सों में भारत ने पाकिस्तान को ज्यादा स्पेस दिया और टीम थोड़ी लेथार्जिक नजर आई। इसके बावजूद भारतीय टीम की गहराई ने पाकिस्तान को वापसी करने से रोक दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लगातार दबदबे पर हरेंद्र सिंह ने कहा कि यह बढ़त सिर्फ शारीरिक खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय टीम स्किल्स के मामले में भी काफी आगे है। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले को सामान्य मैच की तरह लेने की सोच ने टीम को फायदा पहुंचाया है।
हरेंद्र सिंह का मानना है कि लगातार हार के कारण पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ पहले से ही दबाव में रहती है। उनके मुताबिक पाकिस्तान के पास अच्छे खिलाड़ी जरूर हैं, लेकिन फिलहाल मजबूत स्ट्रक्चर की कमी है। दूसरी ओर, भारत आक्रामक हॉकी के जरिए इस दबाव का फायदा उठाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का पाकिस्तान पर दबदबा आने वाले वर्षों में भी कायम रह सकता है।


















