गुरुग्राम, 27 जुलाई
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक सप्ताह के विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। #ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत 20 जुलाई से 26 जुलाई 2026 के बीच कुल 26,459 चालान किए गए, जबकि ₹1 करोड़ 35 लाख 19 हजार 400 का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, कुल चालानों में 8,699 चालान मैदानी स्तर पर किए गए। इनमें रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 976, रोड मार्किंग उल्लंघन के 147, पिलियन राइडर बिना हेलमेट के 702, बिना सीट बेल्ट के 330, चालक बिना हेलमेट के 654, ड्रंक एंड ड्राइव के 394, रॉन्ग पार्किंग के 655, डेंजरस यू-टर्न के 113, ट्रिपल राइडिंग के 120, ओवरस्पीडिंग के 94, वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने के 37, ध्वनि प्रदूषण के 23 तथा लेन बदलने के 1,826 चालान शामिल हैं।
इसके अलावा 17,760 चालान कैमरों की मदद से किए गए। इनमें लेन बदलने के 6,098, नो-एंट्री उल्लंघन के 7,100, ओवरस्पीडिंग के 1,849, पिलियन राइडर बिना हेलमेट के 317, चालक बिना हेलमेट के 613, ट्रिपल राइडिंग के 65, चालक बिना सीट बेल्ट के 602, प्रदूषण संबंधी 1,000 तथा फ्रंट पैसेंजर बिना सीट बेल्ट के 112 चालान शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान NHAI कैमरों और ड्रोन तकनीक की सहायता से लेन बदलने और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत सुरक्षा रथ के माध्यम से 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 473 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल-112 और हेल्पलाइन 1095 की जानकारी दी गई। लोगों को अपनी लेन में वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, हेलमेट पहनने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस “ट्रैफिक मित्र” योजना भी चला रही है। इसके तहत अब तक 188 से अधिक नागरिकों ने आवेदन किया है, जबकि विभिन्न संस्थानों के सहयोग से 800 से अधिक ट्रैफिक मार्शल तैयार किए जा चुके हैं। साथ ही 39 ट्रैफिक मित्रों का प्रशिक्षण ट्रैफिक टावर स्थित TEC (IRTE) सेंटर में पूरा कराया जा चुका है।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे #ChallanNahiSalamMilega अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें, सभी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं अनुशासित सड़क व्यवस्था बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
















