July 27, 2026 7:32 pm

नारनौल फायर स्टेशन का फायरमैन ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, 27 जुलाई

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की रेवाड़ी इकाई ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन, नारनौल में तैनात फायरमैन संदीप यादव को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

क्या था मामला

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसने अपने मेडिकल स्टोर एवं अस्पताल के लिए फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करवाने तथा फायर एनओसी जारी करवाने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य को करवाने के एवज में फायर स्टेशन, नारनौल में कार्यरत फायरमैन संदीप यादव ने उससे ₹75,000 से ₹80,000 की रिश्वत की मांग की। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रेवाड़ी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी संदीप यादव को शिकायतकर्ता से ₹20,000 रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया गया। इस संबंध में ब्यूरो के थाना एसवी एंड एसीबी, गुरुग्राम में एफआईआर संख्या 24 दिनांक 27.07.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जाँच की जा रही है।

अपील

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो रिश्वत न दें और इसकी सूचना तुरंत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 एवं 1800-180-2022, व्हाट्सएप नंबर 9417891064 पर संपर्क किया जा सकता है। शिकायतें ब्यूरो की वेबसाइट acb.haryana.gov.in के माध्यम से भी दर्ज करवाई जा सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!