गुरुग्राम, 15 जुलाई
गुरुग्राम पुलिस ने हत्या के एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली कहासुनी के बाद तीन दोस्तों ने 39 वर्षीय व्यक्ति को अरावली के जंगल में ले जाकर पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह थाना सेक्टर-53 क्षेत्र में स्थित डीएलएफ फेज-5 के जंगल से एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, सीन ऑफ क्राइम यूनिट, डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान बंदी उरांव (39 वर्ष), निवासी जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। उसके सिर और चेहरे पर पत्थरों से वार किए जाने के स्पष्ट निशान मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल गुरुग्राम की मोर्चरी भेज दिया गया।
सुबह सैर के दौरान मिला था शव
पुलिस को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत देकर बताया कि वह 14 जुलाई की सुबह करीब 6:15 बजे डीएलएफ फरीदाबाद टी-पॉइंट के पास सड़क किनारे जंगल क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा देखा। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-53 में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान थाना सेक्टर-53 और अपराध शाखा सेक्टर-43 की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के आधार पर तीन आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
राम (30 वर्ष) निवासी जिला गुमला, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम
विनय (35 वर्ष) निवासी जिला गुमला, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम
प्रकाश (26 वर्ष) निवासी जिला सिमडेगा, झारखंड, वर्तमान निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम
जन्मदिन की पार्टी के बाद हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक बंदी उरांव करीब एक महीने पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। 13-14 जुलाई की रात वह अपने एक साथी के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी खत्म होने के बाद उसने अपने दोस्तों से गुरुग्राम शहर घूमने की इच्छा जताई।
चारों एक कार में बैठकर शहर की ओर निकले। इसी दौरान वजीराबाद ढाणी चौक के पास किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों आरोपी बंदी को अरावली के जंगल में ले गए, जहां पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए।
हत्या में आरोपी की कार का हुआ इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार आरोपी राम की थी। आरोपी राम टैक्सी चालक है, जबकि विनय और प्रकाश गुरुग्राम में ऑटो चलाने का काम करते हैं।
पुलिस रिमांड पर होंगे आरोपी
गुरुग्राम पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त अन्य साक्ष्य और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की बरामदगी की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयास से इस ब्लाइंड मर्डर केस का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

















