हर वीरवार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगेंगे वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर

SHARE:

हर वीरवार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगेंगे वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर

60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की होगी स्वास्थ्य जांच, योग एवं आयुष उपचार की मिलेगी सुविधा

गुरुग्राम, 2 जुलाई- हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए “वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम” के तहत जिला गुरुग्राम के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक वीरवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य जांच करना तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देना है।
कार्यक्रम के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर उनकी समग्र स्वास्थ्य जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से परामर्श और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, अनिद्रा, पाचन संबंधी समस्याओं सहित अन्य आयु संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार संबंधी सलाह दी जाएगी।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण का ध्यान रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग का यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा उन्हें स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में योग सहायकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु एवं स्वास्थ्य के अनुरूप सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास भी कराया जाएगा। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा दैनिक दिनचर्या से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वरिष्ठ नागरिक स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
आयुष विभाग, गुरुग्राम ने सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक वीरवार को आयोजित इन विशेष स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य