40 बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन की खुराक देकर अभियान की शुरुआत

SHARE:

चंडीगढ़, 28 फरवरी 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एच.पी.वी.) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत किए जाने के बाद, हरियाणा में इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के उपरांत राज्य में अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर हरियाणा में 40 बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन की खुराक देकर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल वर्ष 2015 में पानीपत से शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के संकल्प की अगली कड़ी है, जो बेटियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित है।

राज्य सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि आगामी तीन महीनों में प्रदेश की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह वैक्सीन पहुंचाई जाएगी। यह टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एकल खुराक के रूप में लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह वैज्ञानिक शोध पर आधारित और सुरक्षित है तथा विश्व के 160 से अधिक देशों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर सर्वाइकल कैंसर है, जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है। एच.पी.वी. वैक्सीन इस वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करती है।
मुख्यमंत्री ने इसे बेटियों के स्वास्थ्य के लिए “सुरक्षा कवच” बताया।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को निःसंकोच यह टीका लगवाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक चिकित्सा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र में हजारों रुपये में उपलब्ध यह वैक्सीन हर पात्र बालिका को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल सामाजिक न्याय और समान अवसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य