Breaking News
भिवानी में पत्रकार वार्ता: दिग्विजय चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से एसवाईएल और चंडीगढ़ मुद्दे पर स्टैंड स्पष्ट करने की मांग की भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा मीडिया एवं एंटरटेनमेंट क्षेत्र के लिए देशव्यापी एआई स्किलिंग कार्यक्रम की शुरुआत 40 बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन की खुराक देकर अभियान की शुरुआत गुरुग्राम में 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत : एक ही दिन में मिलेगा सैकड़ों लंबित मामलों का त्वरित व स्थायी समाधान ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस का बड़ा दांव: राज्यसभा चुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और कोयल मल्लिक मैदान में टॉस्क पूरा करने के नाम पर ठगी करने के मामले में 03 आरोपी गिरफ्तार। कब्जा से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक व 7 चेक बुक बरामद

March 2, 2026 12:28 am

Gurugram सेक्टर 29 में हटाया गया 70% से अधिक सी एंड डी वेस्ट, सेक्टर 10 ऑटो मार्केट के पास इसी महीने होगी कार्रवाई

गुरुग्राम, 9 अक्टूबर।
प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय समन्वय समिति की चौथी बैठक आयोजित हुई। बैठक में गुरुग्राम जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा, डीसी अजय कुमार, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह तथा नगर निगम मानेसर के आयुक्त आयुष सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में  ढेसी ने कहा कि जिले में विकास कार्यों की गति बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि गुरुग्राम की सभी विकास परियोजनाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जा सकें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

निर्धारित अवधि में पूरा करें सड़कों का सुदृढ़ीकरण कार्य

ढेसी ने कहा कि इस वर्ष जिले में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिसके कारण सड़क और सेनिटेशन से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार जिले में बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। स्वयं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस विषय की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी विभागों से संबंधित सड़कों पर जो भी गड्ढे हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि में भरवाया जाए।  ढेसी ने कहा कि सरकार ने जनता से जो बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के वादे किए हैं, उन पर खरा उतरना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। साथ ही, ‘म्हारी सड़क’ पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट डीसी कार्यालय को समय पर भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।

ढेसी ने कहा कि सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए जिन कार्यों को अगले वित्त वर्ष में लिया जाना प्रस्तावित है, उनकी पहचान अभी से कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट फरवरी माह तक तैयार कर ली जाए, ताकि नए वित्त वर्ष के आरंभ में ही इन योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित किया जा सके। इससे विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और जनता को मजबूत व बेहतर सड़कों की सुविधा समय पर प्राप्त होगी।

सेक्टर 82 से 115 की रिहायशी सोसायटी में एसटीपी की जांच के दिए निर्देश

ढेसी ने कहा कि ऐसा संज्ञान में आया है कि सेक्टर 82 से 115 के बीच स्थित कुछ रिहायशी सोसायटियों द्वारा एसटीपी का अनट्रीटेड वाटर खाली स्थानों तथा बादशाहपुर की लेग 3 ड्रेन में छोड़ा जा रहा है, जो पर्यावरण के लिए हानिकारक है। इस पर गंभीरता दिखाते हुए उन्होंने डीटीपी (प्लानिंग) को निर्देश दिए कि वे इन सभी सेक्टरों की सोसायटियों की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि वहां स्थापित एसटीपी वर्तमान में किस स्थिति में कार्य कर रहे हैं तथा अनट्रीटेड वाटर व ट्रीटेड वाटर का निस्तारण कहां किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीटीपी इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजें, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाली सोसायटियों के खिलाफ आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रधान सलाहकार ने शहर में अतिक्रमण अभियान को सुचारू और प्रभावी तरीके से चलाने के निर्देश दिए। बैठक में डीटीपी (ई) एवं नोडल अधिकारी आर.एस. भाट ने बताया कि जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी ने पुलिस विभाग के सहयोग से शहर में कई संयुक्त अतिक्रमण मुक्त अभियान संचालित किए हैं। पिछले चार महीनों में इन समन्वित कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप ग्रीन बेल्ट सहित लगभग 150 एकड़ सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसमें से 60 एकड़ भूमि एसपीआर के किनारे साफ की गई, जबकि 50 एकड़ भूमि एचएसवीपी, एमसीजी और एचएसआईआईडीसी के अधिकार क्षेत्र में आती है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान नियमित निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया गया, ताकि भविष्य में भी अतिक्रमण न हो।

सेक्टर 29 में हटाया गया 70% से अधिक सी एंड डी वेस्ट, सेक्टर 10 ऑटो मार्केट के पास इसी महीने होगी कार्रवाई

बैठक में सी एंड डी वेस्ट (निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट) के निस्तारण पर भी चर्चा की गई। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर भर से प्रतिदिन लगभग 4 से 5 हजार टन सी एंड डी वेस्ट का निस्तारण किया जा रहा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) प्रशासक वैशाली सिंह ने बताया कि सेक्टर 29 में 70% से अधिक सी एंड डी वेस्ट पहले ही हटा दिया गया है, जबकि सेक्टर 10 में ऑटो मार्केट के पास सी एंड डी वेस्ट को इसी महीने हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा, धनकोट के पास यातायात को और सुचारू बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) जीडब्ल्यूएस पर पुल के चौड़ीकरण का कार्य करेगा। बैठक में बताया गया कि इसके लिए टेंडर अगले सप्ताह फ्लोट किए जाएंगे।

बैठक में सीटीपी जीएमडीए संजीव मान, मुख्य अभियंता जीएमडीए अरुण धनखड़ और आर.एस. जांगड़ा, मुख्य अभियंता एमसीजी, विजय ढाका, क्षेत्रीय ऑफिसर एचएसपीसीबी मानेसर कृष्ण यादव और एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!