दिल्ली 25 सितंबर / हाफिज सईद पर सवाल हुआ तो चुप रह गए शहबाज शरीफ, UN के बाहर पत्रकार ने घेरापाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर हाफिज सईद को लेकर सवाल पूछा गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। यह घटनाक्रम न्यूयॉर्क में चल रहे 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान सामने आया।रिपोर्टों के मुताबिक, जब शहबाज शरीफ UN मुख्यालय में प्रवेश कर रहे थे, तभी पत्रकार ने उनसे पाकिस्तान में आतंकवाद और आतंकवादी संगठनों से जुड़े सवाल पूछे। उनसे पूछा गया कि पाकिस्तान आतंकवादियों को संरक्षण देना कब बंद करेगा। शहबाज शरीफ ने सवाल का जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए। इसके बाद जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री UN मुख्यालय से बाहर निकले, तब पत्रकार ने दोबारा सवाल किया कि पाकिस्तान लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई कब करेगा। रिपोर्टों के अनुसार इस सवाल पर भी शहबाज शरीफ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

हाफिज सईद भारत में 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े मामले में वांछित आरोपी है। भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी अपनी पूरक चार्जशीट में भी हाफिज सईद को आरोपी नंबर 8 के तौर पर नामित किया है। NIA ने इस मामले में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेटिव्स की कथित भूमिका का आरोप लगाया है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारत की ओर से भी संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर आतंकवाद और सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल उठाए गए हैं।अब शहबाज शरीफ से पूछे गए सवाल और उनके जवाब नहीं देने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से सीधे हाफिज सईद को लेकर सवाल पूछा जाना इस घटनाक्रम को और महत्वपूर्ण बना रहा है।








