हर उत्सव पर हो पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण जरूरी
पर्यावरण संरक्षण और पानी के महत्व को भी समझाना जरूरी: महंत चरणदास
बेटी उत्सव पर दिया पर्यावरण संरक्षण एवं जल संग्रह का संदेश
भिवानी । सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति, सदाचारी शिक्षा समिति एवं युवा जागृति एवं जन कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा एक बेटी एक पेड़ मिशन व एक पेड़ मां के नाम व हर घर हरियाली थीम 2026 के तहत 5 दिवसीय बेटी उत्सव कार्यक्रम शुरू किया गया। जिसके तहत मिशन की ब्रांड एंबेसडर नव्या भारद्वाज ने अपने जन्मोत्सव पर स्थानीय हनुमान जोहड़ी धाम संजीवनी केंद्र पार्क में औषधीय पौधा रोपण किया । इस अवसर पर विशेष सानिध्य श्री महंत चरण दास महाराज का रहा।
महंत चरण दास महाराज , शिक्षाविद हरेन्द्र पुनिया व मास्टर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बेटी सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पानी के महत्व को भी समझाना है। इस तरह के आयोजनों से समाज में एक सकारात्मक बदलाव आ सकता है, जो हमारे भविष्य के लिए आवश्यक है। कहा कि बेटी नव्या ने पर्यावरण संरक्षण को समर्पित अभियान के तहत पौधारोपण कर अपना जन्मोत्सव मनाया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है। कहा कि यह अनूठी पहल है, हर घर हरियाली थीम के तहत हर घर से पौधा रोपण हो, जिससे हमारी प्रकृति का सौंदर्य बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान, बेटियों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पानी के संरक्षण और पर्यावरण के महत्व पर भी गहन चर्चा होगी, ताकि लोग इन मुद्दों को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकें।
समिति अध्यक्ष व भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार ने कहा कि इस पहल से समाज में बेटियों व महिलाओं की स्थिति को मजबूत करने का संदेश है,साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा सकेंगे। कहा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिक को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा व राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में भी एक बेटी एक पेड़ मिशन 2025 व हर घर हरियाली थीम के तहत वन महोत्सव पौधारोपण कार्यक्रम रहेगा। कहा कि बड़ी बेटी नव्या के जन्मोत्सव पर 2014 में एक बेटी एक पेड़ मिशन का आगाज किया था। आज भी वर्तमान में जारी है। बेटी उत्सव व हर घर हरियाली थीम 2026 के तहत बेटी एवं पर्यावरण सुरक्षा अभियान अगस्त माह तक चलेगा और आज बड़ी बेटी नव्या भारद्वाज के जन्मोत्सव पर जुलाई,अगस्त व सितम्बर माह में 2026 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस अवसर पर महिला पर्यावरण संरक्षण साक्षरता अभियान की सूत्रधार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंजू भारद्वाज, हर घर हरियाली थीम की ब्रांड एंबेसडर आरोही भारद्वाज, शिक्षाविद हरेन्द्र पुनिया, मास्टर सुरेंद्र कुमार, श्री हनुमान संजीवनी केंद्र के संचालक ओमबीर कौशिक , मानवी, योगेश कुमार, खुशी कौशिक, कपिल वर्मा, कमल कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

















