अम्बाला छावनी का सुभाष पार्क हरियाणा का ऐसा पहला पार्क होगा जहां पर सैर करने के लिए लोगों को सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा मिलेगी : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

SHARE:

चंडीगढ़, 09 अक्टूबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री  अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी का सुभाष पार्क हरियाणा का ऐसा पहला पार्क होगा जहां पर सैर करने के लिए लोगों को सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा मिलेगी और लोग सुचारू रूप से यहां सैर कर सकेंगे। इसके अलावा, इस पार्क में भविष्य में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी ताकि बच्चों को पार्क में और सुविधा मिल सके।

विज आज अंबाला छावनी के सुभाष पार्क में एक किलोमीटर लंबे सीमेंट के वाकिंग ट्रैक पर 74 लाख रुपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक लगाने के कार्य का शुभारंभ करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, मंत्री अनिल विज ने नारियल फोड़ते हुए सिंथेटिक ट्रैक (ईपीडीएम फ्लोरिंग) लगाने के कार्य का शुभारंभ किया व इसका निर्माण करने वाले कर्मियों से बातचीत की। उनके यहां पहुंचने पर सुभाष पार्क कमेटी के चेयरमैन संजीव वालिया, ईओ देवेंद्र नरवाल ने पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।

पहले शहर का सबसे गंदा स्थान होता था, हमने इसे सबसे खूबसूरत स्थान बनाया : विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सुभाष पार्क 1996 से पहले छावनी का सबसे गंदा स्थान होता था। कांग्रेस के लोगों ने भूमि को अपने नाम कराया और यहां प्लाट काट लिए थे। लेकिन हमने लड़ाई लड़ी और हाईकोर्ट से जीते। हमने शहर के इस गंदे स्थान पर पार्क बनाकर इसे शहर का सबसे खूबसूरत स्थान बना दिया। आज हजारों लोग यहां सैर करने के लिए आते हैं। यहां अच्छा पार्क, झील, ओपन एयर थियेरटर, स्केटिंग रिंग, झूले, जिम व अन्य सुविधाएं है। आज यहां सीमेंट का जो एक किलोमीटर लंबा वाकिंग ट्रैक है उस पर सिंथेटिक ट्रैक लगाने का काम किया जा रहा है ताकि सैर करने वाले लोगों के घुटनों में दिक्कत न हो।

अम्बाला छावनी के लोगों के लिए मैं भू-माफियाओं के जबड़े से जमीन निकालकर लाया, फिर पार्क बनाने की कवायद शुरू की

उन्होंने कहा कि पहले सारे शहर का कूडा-कर्कट इसी स्थान पर गिरता था, इतना ही नहीं दिन के समय यहां से निकलने में लोगों को डर लगता था। गंदे पानी का तालाब होता था जिसे जॉन साहिब की डिग्गी कहा जाता था। इस जमीन को उस समय के शासक दल ने ओने-पौने दामों पर अपने नाम अलाट करा लिया और 20 एकड़ जमीन पर प्लाट काटकर अपने नाम करवा ली थी। उनके पास पुराना रिकार्ड है कि तब किस नेता के पास कितना प्लाट है। उसमें यह भी शर्त रखवा ली गई कि प्लाट पर किसी भी प्रकार का डिवैल्पमैंट चार्ज नहीं लगेगा और जो मिट्टी का भरत होगा वह भी नगर परिषद करवाकर देगी। यानि बेशकीमती इस जमीन को बहुत कम दाम पर खरीदकर लूटने का काम किया गया। लेकिन इस जमीन को छुड़वाने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया, जलसे किए, धरने दिए, जुलूस निकाले व हाईकोर्ट तक लड़ाई लड़ी और अम्बाला छावनी के लोगों के लिए उनके जबड़े से जमीन निकालकर वह लेकर आए। इसके बाद उन्होंने यहां पार्क बनाने की कवायद शुरू की। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि उस समय के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने इस पार्क के लिए 30 लाख रूपए की राशि दी थी जिसके बाद यहां पर चारदीवारी व फुटपाथ बनाने का काम किया गया। अम्बाला छावनी वासियों के सहयोग से यहां पर बैठने के लिए बैंचों व पौधों की व्यवस्था की गई।

मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि सुभाष पार्क हरियाणा का सबसे खूबसूरत पार्क है : विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा सरकार आते ही और लोगों के आशीर्वाद से उन्होंने इस पार्क का सौंदर्यकरण करवाया और वह दावे से कह सकते हैं कि यह पार्क हरियाणा का सबसे खूबसूरत पार्क है। गंदगी हटाकर यहां पर पार्क बनाया गया है, नि:संदेह इस पार्क को सरकार द्वारा पहला ईनाम भी प्राप्त होगा।

सुभाष पार्क के सौन्दर्यकरण की इस कड़ी में आज यहां पर सिंथेटिक ट्रैक का शिलान्यास किया गया है। इस ट्रैक के लगने से लोगों को सैर करने में आनंद आएगा और घुटनों पर किसी प्रकार का असर नहीं होगा। यह ट्रैक रबड़ का होगा, जिसपर सुगमता से लोग सैर कर सकेंगे। अम्बाला छावनी के लोगों को यह ट्रैक लगने से आनंद की अनुभूति होगी।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सुभाष पार्क में टॉय ट्रेन लगाने की प्रक्रिया शुरू करने निर्देश दिए

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हजारों लोग दूर-दराज से आकर यहां पर इस पार्क का आनंद लेते हैं। टूरिस्ट कंपनियों द्वारा अपनी टयूरिस्ट पैकेज में इस पार्क को भी जोड़ा गया है। दिन के समय स्कूलों की बसें यहां पर आती है जिसमें विद्यार्थी यहां आकर पार्क का लुत्फ उठाते हैं। पार्क में झील के साथ-साथ बच्चों के खेलने के लिए झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ओपर एयर थियेटर के साथ-साथ अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होने कमेटी के पदाधिकारियों व ईओ को कहा कि इस पार्क की भव्यता और सुंदरता बढ़े इसके लिए यहां पर टॉय ट्रेन लगाने की प्रक्रिया शुरू करें ताकि बच्चों को यह सुविधा मिल सके और यह पार्क आकर्षण का केन्द्र बन सके।

इस अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क कमेटी के चेयरमैन संजीव वालिया, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, भाजपा पदाधिकारी सोम चोपड़ा, कपिल विज, विपिन खन्ना, संजीव सोनी, रवि बुद्धराजा, हर्ष बिंद्रा, विकास बहगल, प्रवेश शर्मा, बलकेश वत्स, दीपक भसीन, श्याम सुंदर अरोडा, बिजेन्द्र चौहान, प्रेम राणा, आरती सहगल, किरण पाल चौहान, मदन लाल शर्मा, राज कुमार राजा, नरेन्द्र राणा, संजीव अत्री के साथ-साथ पार्षदगण, पार्क कमेटी के सदस्यगण व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य