नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव तक पहुंच रहा सरकार की योजनाओं का संदेश

गुरुग्राम, 01 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित विशेष कार्यक्रमों के तहत गुरुग्राम जिले के 10 प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का सिलसिला जारी है। यह अभियान ग्रामीण समुदायों को राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं, जैसे किसान समर्थन, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास है। आज गुरुग्राम के पथरेड़ी और बिलासपुर खुर्द गांव में विभाग की सूचीबद्ध ड्रामा यूनिट ने एक जीवंत नुक्कड़ नाटक का सफल मंचन किया। नाटक में केंद्र सरकार और राज्य स्तर की योजनाओं की जानकारी दी। यह श्रृंखला आने वाले दिनों में अन्य गांवों में जारी रहेगी।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के निर्देशानुसार तथा डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन में यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। योजनाओं की जानकारी ने ग्रामीणों में रचनात्मक सोच को जागृत किया है, और उनका उत्साह अब स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है।

जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसमें बिना पर्ची-खर्ची के मेरिट आधारित भर्ती, ‘हर घर गृहणी’ योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर, ‘लखपति दीदी’ योजना, परिवार पहचान पत्र से घर बैठे योजनाओं का लाभ, आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ, समाधान शिविरों के माध्यम से जन समस्याओं का निवारण, किसानों की 240 फसलों की एमएसपी पर खरीद, तथा युवाओं और शहीदों के आश्रितों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी रोचक और सरल तरीके से जनता तक पहुँचाई जा रही है। इसके अतिरिक्त आगामी 25 सितंबर से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पंजीकरण के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपए प्रतिमाह वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना की पात्र महिलाओं के लिए 25 सितंबर से पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ होगी।

इन गांवों में होगा नाटकों का मंचन
सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा की सूचीबद्ध ड्रामा यूनिट नामत: रंगभूमि व हिंदी रंगभूमि के कलाकार छ: स्थानों पर अपनी प्रस्तुति दे चुके है। अब गांव माकड़ौला, साढ़राणा, टीकली व बाघनकी में नाटकों का मंचन होगा। इन नाटकों के माध्यम से सामाजिक संदेशों के साथ-साथ केंद्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!