यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत
दिल्ली 24 सितंबर / ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में करीब 33वें किलोमीटर के पास एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला।जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से बिहार की तरफ जा रही थी और उसमें करीब 35 यात्री सवार थे। सफर के दौरान अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने और बाहर निकलने का ज्यादा मौका नहीं मिल सका।
![]()
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में बस के एसी सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है।हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की बसों में सुरक्षा इंतजामों और आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी पर सवाल खड़े कर दिए हैं








