पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक का दावा, बढ़ा तनाव
दिल्ली 24 सितंबर / पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान ने गुरुवार को दावा किया कि उसने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें स्टोर करने के लिए किया जा रहा था।पाकिस्तान का कहना है कि 23 सितंबर को अफगानिस्तान की तरफ से कई ड्रोन उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने 8 ड्रोन को मार गिराया। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में उन ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया, जहां से ड्रोन लॉन्च किए जाने की बात कही गई थी।

अफगानिस्तान की तरफ से पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया गया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने इससे पहले अफगान तालिबान बलों द्वारा पाकिस्तान पर ड्रोन हमले किए जाने से इनकार किया था। अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तान की कार्रवाई की आलोचना की है। कंधार समेत कुछ इलाकों में हवाई हमलों की जानकारी भी सामने आई है।दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से सीमा पार आतंकवाद और उग्रवादी गतिविधियों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान पर अपनी जमीन से पाकिस्तान विरोधी आतंकी गतिविधियों को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाता रहा है। वहीं काबुल इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
![]()
ताजा एयरस्ट्राइक ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच पहले से ही तनाव बढ़ा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन, तुर्की और कतर समेत कई देश दोनों पक्षों के बीच तनाव कम कराने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान की नई सैन्य कार्रवाई से क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।








