तावडू, 25 जून (नरेश मैहंदीरत्ता): जिला पुलिस कप्तान डाक्टर अर्पित जैन ने तावडू सदर थाना में तैनात एएसआई अनिल कुमार को गंभीर अनुशासनहीनता, वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करने, बिना अनुमति लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ नियमित विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार एएसआई अनिल कुमार ने 8 जून को थाना प्रभारी को सूचना दी थी कि उनकी दादी का निधन हो गया है और उन्हें तत्काल घर जाना है। तावडू सदर थाना पुलिस ने उन्हें जाने की अनुमति देते हुए अगले दिन शाम की रोल कॉल तक वापस लौटने के निर्देश दिए थे तथा आवश्यक होने पर सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराने को कहा था। इसके बावजूद वह निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटे। थाना प्रभारी द्वारा कई दिनों तक लगातार फोन पर संपर्क करने के प्रयास किए गए। लेकिन उनका फोन कभी बंद मिला तो कभी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। जो बाद में 19 जून को वह वापस ड्यूटी पर पहुंचे।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि अनुपस्थिति के संबंध में एएसआई द्वारा स्वास्थ्य खराब होने का कारण बताया गया। लेकिन मोबाइल फोन में उपलब्ध फोटो और अन्य सामग्री से यह संकेत मिला कि वह ड्यूटी छोडऩे के बाद परिवार के साथ यात्रा पर गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि जिस महिला के निधन को आधार बनाकर उन्होंने थाना छोड़ा था। वह उनकी वास्तविक दादी नहीं थीं और उनके द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कुछ पोस्ट भी संदेह के घेरे में पाए गए। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों को भ्रमित करने तथा गलत जानकारी देकर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का बताया गया है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि एएसआई अनिल कुमार के पास लंबित जांच फाइलों और शिकायतों की संख्या काफी अधिक थी। जिससे मामलों के निस्तारण में देरी हो रही थी और पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो रही थी।


















