- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया 3.67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास
- लगभग 3 किलोमीटर लंबे नाले से सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था
अटेली/हरियाणा, 9 जून।
हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को अटेली के कनीना चौक में आयोजित एक कार्यक्रम में कनीना चौक से एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) तक बनने वाले नाले के निर्माण कार्य की शुरुआत की। यह परियोजना करीब 3.67 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी और इसकी लंबाई लगभग 3 किलोमीटर रहेगी।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश सरकार शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि नाला बनने के बाद इलाके की जल निकासी व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएगी। खासकर बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और गंदे पानी की निकासी भी आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकास के साथ-साथ साफ-सफाई और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है।
आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में डीएमसी रणबीर, नगरपालिका अटेली के चेयरमैन संजय गोयल, नगरपालिका कनीना के चेयरमैन जेपी कोटिया, मार्केट कमेटी चेयरमैन दिनेश जेलदार, वाइस चेयरमैन अनिल गुप्ता, सचिव प्रशांत पाराशर, नगरपालिका अभियंता दिनेश, जेई मनीष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

















