ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत मांगने वाले तीन कर्मचारी गिरफ्तार

  • बिजली का लोड अधिक दर्शाने का डर दिखाकर रिश्वत मांगने वाले बिजली विभाग के जेई समेत तीन कर्मचारी एसीबी के शिकंजे में

फरीदाबाद, 9 जून।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) फरीदाबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित तीन कर्मचारियों को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक लाइब्रेरी संचालक को बिजली कनेक्शन में कथित ओवरलोड का भय दिखाकर कार्रवाई न करने की एवज में 11 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोकिन, जेई, नरेंद्र, एएलएम तथा अरुण, एएलएम के रूप में हुई है, जो डीएचबीवीएन के सब-डिवीजन ईस्ट, फरीदाबाद में तैनात हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है।

क्या था मामला-

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वह अपने घर में लाइब्रेरी संचालित करता है। इसी दौरान बिजली विभाग की एक टीम उसके परिसर में पहुंची और बिजली लोड अधिक होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। आरोपियों ने कथित अनियमितता पर कार्रवाई न करने के बदले 11 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
ट्रैप के दौरान आरोपी नरेंद्र को शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों काबू किया गया। आरोपी शिकायतकर्ता से इस मामले में 3 हजार रुपए की राशि पहले ही रिश्वत के तौर पर ले चुके थे। जांच में जेई शोकिन तथा एएलएम अरुण की भूमिका भी सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार रिश्वत मांगने और लेने के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 11 दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है तथा एक अन्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!