नई दिल्ली, 8 जून।
महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 995 रुपये हो गई है, जो पहले 966 रुपये थी। इसी तरह, 5 किलोग्राम वाले छोटे नीले सिलेंडर के दाम में भी 10 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 862 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब 3279.50 रुपये बताई जा रही है। राज्य और शहर के अनुसार टैक्स व परिवहन लागत के कारण दामों में थोड़ा अंतर देखा जा रहा है।
प्रमुख शहरों में नई LPG कीमतें
नई दरों के अनुसार— दिल्ली में 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, बेंगलुरु में 944.50 रुपये, हैदराबाद में 994 रुपये, पटना में 1031.50 रुपये, जयपुर में 945.50 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये और हरियाणा के फरीदाबाद में 914.50 रुपये प्रति सिलेंडर कीमत दर्ज की गई है।
तीन महीने में दूसरी बढ़ोतरी
गौरतलब है कि बीते तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता बढ़ाने वाली साबित हो रही है। खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों के बीच अब रसोई का बजट और बिगड़ने की आशंका है।
महंगाई का सीधा असर रसोई पर
सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव को इस बढ़ोतरी का कारण माना जा रहा है। लेकिन इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। इसके साथ ही सरसों तेल, सूखे मेवे जैसे काजू, बादाम, किशमिश, मखाना, अंजीर, अखरोट, चिरौंजी और मुनक्का की कीमतों में भी 30 से 50 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जनता की बढ़ती चिंता
बढ़ती महंगाई के चलते आम परिवारों का मासिक बजट लगातार प्रभावित हो रहा है। पहले जहां किसी तरह खर्च संतुलित हो जाता था, अब हर नई कीमत वृद्धि से मुश्किलें और बढ़ती जा रही हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर आम जनता को महंगाई से राहत कब मिलेगी और क्या आने वाले समय में सरकार की ओर से कोई राहत उपाय देखने को मिलेगा?


















