चंडीगढ़, 16 नवंबर 2026। हरियाणा में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा कोल्ड चेन नीति को मंजूरी दे दी है। इस नीति का उद्देश्य खेत से बाजार तक कृषि उपज की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना है।हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि इस नीति के तहत कृषि उपज के संग्रहण, भंडारण, परिवहन और विपणन की व्यवस्था को आपस में जोड़ा जाएगा। इससे किसानों की उपज को बेहतर गुणवत्ता के साथ अधिक लाभकारी बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि हरियाणा कोल्ड चेन नीति का उद्देश्य केवल कोल्ड स्टोरेज का निर्माण करना नहीं है, बल्कि एक ऐसी आधुनिक व्यवस्था विकसित करना है, जिससे खेत से लेकर बाजार तक कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बनी रहे। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आधुनिक कोल्ड चेन व्यवस्था होगी विकसित
नीति के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत कृषि उत्पादों के भंडारण और परिवहन की बेहतर सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही निजी निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का विस्तार हो सके।सरकार का जोर ऊर्जा दक्ष और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को अपनाने पर भी रहेगा। इससे कोल्ड चेन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाया जा सकेगा।
विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच होगा समन्वय
इस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बागवानी विभाग के समन्वय से विभिन्न विभागों और संस्थानों को जोड़ा जाएगा। इससे कृषि उपज के संग्रहण से लेकर उसके विपणन तक की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।श्याम सिंह राणा के अनुसार, इस नीति से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।हरियाणा कोल्ड चेन नीति प्रदेश के कृषि और बागवानी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। इसके माध्यम से किसानों की उपज को सुरक्षित रखने, गुणवत्ता बनाए रखने और बाजार तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।






