चंडीगढ़, 21 अक्टूबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह बिजली के निजीकरण के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि उनके विभाग ने हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के समक्ष पूरी दृढ़ता के साथ इसका विरोध किया था और इससे संबंधित दस्तावेज लिखित रूप में उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के फैसले के खिलाफ अपील की जाएगी और इस मामले में आखिरी स्तर तक लड़ाई लड़ी जाएगी। चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि बिजली विनियामक आयोग अपना फैसला दे चुका है, लेकिन सरकार इस फैसले के खिलाफ आगे अपील करेगी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पूरी मजबूती से आगे बढ़ेंगे।
बिजली कर्मचारियों से बातचीत के लिए तैयार सरकार
बिजली वितरण के समानांतर लाइसेंस के विरोध में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों के संबंध में अनिल विज ने कहा कि उन्होंने कर्मचारी नेताओं को आज दोपहर तीन बजे अपने कार्यालय में बैठक के लिए बुलाया है। इससे पहले भी वह कर्मचारियों के साथ बैठकर बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की ओर से कोई बेहतर समाधान सामने आता है, तो उस पर विचार किया जाएगा और उसे स्वीकार किया जाएगा। मंत्री के अनुसार, सरकार बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस दिए जाने के मुद्दे पर बिजली कर्मचारी विरोध जता रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि इस फैसले को वापस लिया जाए।
SIR पर विपक्ष को अनिल विज का जवाब
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कितने घुसपैठियों की पहचान हुई, इस सवाल पर अनिल विज ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि यह सवाल चुनाव आयोग से पूछा जाना चाहिए, क्योंकि मतदाता सूची तैयार करने का काम भाजपा नहीं, बल्कि चुनाव आयोग करता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर भटक गया है। चुनाव आयोग मतदाता सूची तैयार करता है और उसमें सुधार करने का अवसर देता है। विज ने सवाल उठाया कि यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है या उसकी शादी के बाद वह दूसरे स्थान पर चला जाता है, तो मतदाता सूची में आवश्यक बदलाव नहीं होने देने का क्या औचित्य है।
बोले- एक व्यक्ति की एक वोट सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का काम
अनिल विज ने कहा कि कानून के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद राजनीतिक दलों को एक महीने का समय दिया जाता है। इस दौरान वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को नई वोट बनवाने और मतदाता सूची में जरूरी सुधार कराने के बारे में जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद मतदाता सूची में पुनरीक्षण की प्रक्रिया हो रही है। इस दौरान कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है, कई लोगों की शादी हो गई है और कई कर्मचारी तबादले के कारण दूसरे स्थानों पर जा चुके हैं। ऐसे में मतदाता सूची को अद्यतन करना जरूरी है विज ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, तो यह उनकी संगठनात्मक कमजोरी है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नाम पर एक ही वोट सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और आयोग अपना धर्म निभा रहा है।




