दिल्ली 6 अक्टूबर /भारतीय महिला क्रिकेट टीम से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम की स्टार कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके इस अचानक फैसले ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है। हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी।हरमनप्रीत कौर ने कहा कि कप्तानी छोड़ने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। इस सफर में कई सालों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जिन्हें वह जिंदगी भर याद रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए अपना सब कुछ दिया और कई बार टीम को पहले रखते हुए अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और खेल को भी पीछे रखा।

हरमनप्रीत ने 2016 में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभाली थी और बाद में सभी फॉर्मेट में टीम की कमान उनके हाथों में आई। उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। सबसे बड़ी उपलब्धि 2025 का महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब रहा, जब हरमनप्रीत भारत को सीनियर महिला विश्व कप जिताने वाली पहली कप्तान बनीं। हाल ही में उनकी अगुवाई में भारत ने 2026 एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता।
हालांकि, कप्तानी छोड़ने के बावजूद हरमनप्रीत ने क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। वह आगे भी भारतीय टीम के लिए बतौर खिलाड़ी खेलती रहेंगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनकी जगह भारतीय महिला टीम की अगली कप्तान कौन बनेगी। फिलहाल स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन अंतिम फैसला बीसीसीआई की ओर से किया जाएगा।हरमनप्रीत कौर का कप्तानी से हटना भारतीय महिला क्रिकेट में एक बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि नई कप्तानी के दौर में टीम इंडिया किस तरह आगे बढ़ती है।








