छात्रसंघ चुनाव में जीत पर CM धामी ने ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई, बोले- ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

SHARE:

छात्रसंघ चुनाव में जीत पर CM धामी ने ABVP के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई, बोले- ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

चन्द्रवीर गायत्री स्टेट हेड उत्तराखंड 

देहरादून, 6 अक्टूबर। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में विजयी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में प्राप्त दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ–साथ उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने एबीवीपी की संगठनात्मक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहितों के साथ–साथ राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की मूल भावना और उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का समय तेजी से बदल रहा है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल माध्यमों, रोजगार के नए अवसरों और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों के बीच युवाओं के लिए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने अध्ययन या विषय तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों, सामाजिक विषयों और रोजगार की बदलती संभावनाओं की भी जानकारी रखें। उन्होंने कहा कि युवा जितना अधिक स्वयं को अपडेट रखेंगे, उतना ही उनका व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी क्षमताओं का लाभ संगठन तथा समाज को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को निरंतर सीखने और अपने ज्ञान एवं कौशल को समय के साथ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे और अपने व्यवहार एवं कार्यों से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य एवं देश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। इस अवसर पर एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्रहितों से जुड़े विषयों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की।

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य