दिल्ली 22 सितंबर / संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता की भारत की मांग को एक और अंतरराष्ट्रीय समर्थन मिला है। यूरोप के Visegrád Group यानी V4 के चार देशों—हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य—ने भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया है। यह समर्थन न्यूयॉर्क में हुई पहली V4+India विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान सामने आया।बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और चारों यूरोपीय देशों के विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया। स्लोवाकिया के विदेश मंत्री Juraj Blanár ने कहा कि भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य के तौर पर जगह मिलनी चाहिए। जयशंकर ने V4+India बैठक को महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताया।
भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में सुधार और स्थायी सदस्यों की संख्या बढ़ाने की मांग करता रहा है। मौजूदा व्यवस्था में अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन स्थायी सदस्य हैं और इनके पास वीटो पावर है। भारत का तर्क रहा है कि आज की वैश्विक वास्तविकताओं को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र की निर्णय प्रक्रिया में ज्यादा प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
V4 देशों के समर्थन के साथ भारत ने इन देशों के साथ राजनीतिक और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया है। दोनों पक्षों के बीच नियमित विदेश मंत्री बैठक और वार्षिक बिजनेस फोरम जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी है।हालांकि किसी देश का समर्थन मिलना और UNSC में स्थायी सदस्यता हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र के चार्टर में बदलाव और व्यापक अंतरराष्ट्रीय सहमति की जरूरत होती है। ऐसे में V4 देशों का समर्थन भारत की कूटनीतिक मुहिम में एक नया घटनाक्रम जरूर है, लेकिन स्थायी सदस्यता की पूरी प्रक्रिया अभी लंबी है।








