न्यूयार्क 23 जून 2026, आज जब दुनिया संघर्ष और अशांति के दौर से गुज़र रही है, तब भारत की अहिंसा और विश्व बंधुत्व की संस्कृति पूरी मानवता को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।भारतीय संयासी जैन आचार्य लोकेशजी के ‘वी सपोर्ट पीस’ अभियान ने अमेरिका में ज़बरदस्त हलचल पैदा कर दी है। रिपब्लिक, डेमोक्रेट और कंज़र्वेटिव पार्टी के नेताओं ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनके शांति अभियान का समर्थन किया है।
डेमोक्रेटिक कांग्रेस वूमन लौरा गिलेन, रिपब्लिकन कांग्रेस वूमन निकोले मालिओटाकिस, कंज़र्वेटिव पार्टी चेयरमैन गेरार्ड कासार, न्यूयार्क असेंबली माइनॉरिटी लीडर इद रा, असेंबली मेन पाउल बोलोगना, असेंबली मेन मिशेल टनाउसिस, असेंबली मेन अलेक ब्रोक कर्सने, असेंबली मेन मेट्ट स्लेटर ने शांति अभियान का समर्थन करते हुए कहा युद्ध कहीं भी, कभी भी किसी के हित में नहीं होता है।
‘वी सपोर्ट पीस’ अभियान के प्रवर्तक विश्व शांतिदूत जैन आचार्य लोकेशजी ने कहा “युद्ध विनाश का मार्ग है, मानवता के लिए अभिशाप है।शांति विकास का आधार हैं।उन्होंने कहा संघर्ष से नहीं, संवाद से किसी भी समस्या का समाधान संभव है।
भारतीय समुदाय के प्रमुख नेता करमजीत सिंह धालीवाल एवं अनिल मोंगा ने कहा कि विश्व शांति, करुणा और सह-अस्तित्व के आचार्य लोकेशजी के शांति अभियान को वैश्विक मंच पर मिल रही स्वीकार्यता भारत के आध्यात्मिक मूल्यों की शक्ति का प्रमाण है।
1 जुलाई बुधवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डी सी के कैपिटल बिल्डिंग में अहिंसा विश्व भारती फाउंडेशन की ओर से आयोजित हो रहे कार्यक्रम के समन्वयक नितिन व्यास एवं अशोक भट्ट ने कहा कि विश्व के विभिन्न देशों में शांति, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय एकता के लिए आचार्य लोकेशजी के सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।


















