फरीदाबाद 17,06,2026
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से खाने-पीने की चीजों के नाम पर मनमानी वसूली करने वाले वेंडरों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है। दिल्ली मंडल ने स्टेशनों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और ओवरचार्जिंग पर नजर रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। दावा किया जा रहा है कि यात्रियों की शिकायतों पर अब पहले से ज्यादा तेजी से कार्रवाई होगी। दिल्ली मंडल के अंतर्गत आने वाले 213 रेलवे स्टेशन इस व्यवस्था के दायरे में होंगे। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार, फरीदाबाद, पलवल, बल्लभगढ़, गुरुग्राम, गाजियाबाद, सोनीपत, पानीपत और मेरठ जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों से हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यदि किसी यात्री को बासी भोजन, खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ या एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूले जाने की शिकायत होती है तो उसे तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए निगरानी की जिम्मेदारी सीधे डीआरएम कार्यालय को सौंपी गई है।यात्रियों की सुविधा के लिए शिकायत संबंधी जानकारी स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और फूड स्टॉलों के आसपास प्रदर्शित की जा रही है। रेलवे का कहना है कि इसका मकसद यात्रियों को बेहतर सेवाएं देना और वेंडरों की मनमानी पर रोक लगाना है।हालांकि यह व्यवस्था फिलहाल स्टेशन परिसर में संचालित फूड स्टॉलों तक सीमित बताई जा रही है। ट्रेनों के भीतर मिलने वाले खानपान से जुड़ी शिकायतों के लिए यात्रियों को रेलवे की मौजूदा शिकायत प्रणाली का ही इस्तेमाल करना होगा।


















