- गर्भवती महिलाओं की शिशु प्रसव मृत्यु दर शून्य करने का प्रण ~ पूनिया दंपति
- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान एक कारगर अभियान. दस वर्ष का सफल सेवा सफर
भिवानी/हरियाणा, 9 जून।
भिवानी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत एक प्रभावी और सराहनीय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से आयोजित इस कैंप में गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं प्रदान की गईं।
यह शिविर अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर, ढाणा रोड पर आयोजित किया गया, जहां डॉक्टर वंदना पूनिया और डॉक्टर करण पूनिया दंपति ने गर्भवती महिलाओं का गहन परीक्षण किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करना और शिशु व मातृ मृत्यु दर को शून्य के करीब लाना है।
गौरतलब है कि यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर पिछले 10 वर्षों से लगातार हर महीने की 9, 23 और 30 तारीख को आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री के आह्वान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी भिवानी, डॉ. रघुवीर के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है, जिसमें निजी चिकित्सकों का भी सक्रिय सहयोग मिलता है।

इस बार के शिविर में कुल 22 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें से 6 महिलाओं को हाई रिस्क श्रेणी में पाया गया। इन महिलाओं को विशेष चिकित्सा निगरानी और आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं। हाई ब्लड प्रेशर, शुगर, किडनी, लीवर और थायरॉयड से संबंधित समस्याओं का उपचार डॉक्टर करण पूनिया के निर्देशन में किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में डॉक्टर दीपांशु शर्मा, सुधीर शर्मा, स्टाफ नर्स राजेश, नैन्सी, मंजू, ज्योति, पूनम यादव, पूनम देवी, मोहिनी शर्मा और ललिता का विशेष योगदान रहा।
डॉ. वंदना पूनिया ने बताया कि हाल ही में हुई बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर ने इस अभियान की खुलकर सराहना की और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रहा है, बल्कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रहा है।

















