- गुरुग्राम पुलिस द्वारा अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों/घुसपैठियों की पहचान एवं सत्यापन हेतु बीती रात चलाया गया विशेष जाँच अभियान
- बिना वैध दस्तावेजों के पाए जाने वाले अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध नियमानुसार की जाएगी कानूनी कार्यवाही।
- आस-पास रह रहे संदिग्ध अथवा अवैध विदेशी नागरिकों की सूचना पुलिस को देकर आम नागरिक भी इस अभियान का हिस्सा बनें।
- अभियान के संबंध में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
- जाँच अभियान के दौरान किसी भी वैध भारतीय नागरिक अथवा वैध विदेशी नागरिक को अनावश्यक रूप से डिटेन नहीं किया जाएगा।
गुरुग्राम: 9 जून 2026
गुरुग्राम पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे अथवा जो भारत में वैध रूप से निवास करने के प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में संदीप IPS, पुलिस उपायुक्त पूर्व, गुरुग्राम के नेतृत्व में गुरुग्राम पुलिस द्वारा 08.06.2026 को इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों जैसे झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा होटलों में रह रहे व्यक्तियों के दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन किया गया। गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध अथवा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों एवं होटल/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं।
यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें।
गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों एवं RWA से अपील करती है कि इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। आमजन की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान जारी रहेगा।
वैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों एवं वैध विदेशी नागरिकों को इस अभियान से घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। अभियान के संबंध में भ्रामक, झूठी अथवा मनगढ़ंत अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















