ड्राइविंग को लेकर महिलाओं की प्रति धारणा बदलने को निकाली कार रैली
‘क्वीन ऑफ द रोड’ महिला कार रैली में महिलाओं ने दिखाया जोश व आत्मविश्वास
गुरुग्राम: 10 मार्च: महिलाओं के प्रति ड्राइविंग को लेकर बने रूढ़िवादी विचारों को चुनौती देते हुए उन्हें साइबर सिटी की सड़कों पर सुरक्षा,आत्मविश्वास और स्वतंत्रता को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से वुमानी डॉट कॉम व एसीएन नेटवर्क के सहयोग से गुरुग्राम में “क्वीन ऑफ द रोड” नाम से एक विशेष महिला कार रैली का आयोजन किया गया। रैली में लगभग 60 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें करीब 25 महिला ड्राइवर शामिल थीं। रैली की शुरुआत क्राउन प्लाजा गुरुग्राम सेक्टर-29 से हुई, जहां प्रतिभागियों का पंजीकरण और वाहन दस्तावेजों की जांच की गई।

ड्राइविंग केवल एक कौशल ही नहीं बल्कि आत्मविश्वास का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट सपना यादव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। सभी प्रतिभागियों से सुरक्षित ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का भी संदेश दिया। कार्यक्रम की विशेष अतिथि राष्ट्रीय कार रेसर बानी यादव ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ड्राइविंग केवल एक कौशल ही नहीं बल्कि आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने सुरक्षित और जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश भी दिया।
इंटरैक्टिव गेम्स और गतिविधियों का आयोजन किया

रैली मार्ग प्रारंभिक स्थल से सिग्नेचर टावर से राजीव चौक होते हुए एनएच-48, एनएच 248-ए की ओर गया। प्रतिभागियों ने घामड़ौज टोल के पास से यू-टर्न लिया और लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रैली का समापन मनसा ग्रैंड बैंक्वेट हॉल में हुआ। रैली का संचालन अनुभवी कार रैली आयोजक संजय कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को रैली के नियमों और दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर वुमानी की संस्थापक कंचन गुप्ता व लवलीन धालीवाल ने बताया कि अक्सर महिलाओं को खराब ड्राइवर मानने की धारणा बनाई जाती है, और यह आयोजन ऐसी धारणाओं को चुनौती देने के साथ-साथ यह दिखाने का प्रयास है कि महिलाएं भी आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ वाहन चला सकती हैं।
रैली के समापन के बाद प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न इंटरैक्टिव गेम्स और गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य महिलाओं के उत्साह, आत्मविश्वास और एकजुटता को और मजबूत करना था।

















