गुरुग्राम। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रवासी एकता मंच, गुरुग्राम की ओर से आगामी 1 दिसंबर को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भोजपुरी संस्कृति, संगीत और कला की शानदार झलक देखने को मिलेगी। समारोह में दिल्ली के सांसद एवं प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी तथा बिहार के महाराजगंज से सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल विशेष रूप से शामिल होंगे। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रवासी एकता मंच ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में देशभर के चर्चित भोजपुरी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी सांस्कृतिक और संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर सेक्टर-4 स्थित जिमखाना क्लब में प्रवासी एकता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने की। इसमें मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ पूर्वांचल समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बिहार और पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकता का उत्सव भी बनेगा
बैठक को संबोधित करते हुए मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सांसद मनोज तिवारी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने समारोह में शामिल होने की सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में भोजपुरी संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के लिए देशभर के प्रमुख भोजपुरी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के मंत्रियों, स्थानीय विधायकों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। सत्येंद्र सिंह ने कहा कि गुरुग्राम में रहने वाले पूर्वांचल समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए गुरुग्राम की सभी पूर्वांचली सामाजिक संस्थाओं और छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार और पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकता का उत्सव भी बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रवासी एकता मंच की ओर से प्रत्येक वर्ष भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें पूर्वांचल एवं प्रवासी समाज के हजारों लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। हरियाणा के स्थानीय लोग भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष भी समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
मंच के अनुसार, इस वर्ष के आयोजन को गुरुग्राम के वरिष्ठ समाजसेवी आर.एस. ठाकुर और जय जयराम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में मंच के महासचिव मनीष सिंह, कोषाध्यक्ष भगवान झा, ब्रांड एंबेसडर एवं फिल्म अभिनेता राज चौहान, सलाहकार मुकेश सिंह, वी.के. मिश्रा, सुबोध मिश्रा, मिथिलेश सिंह, गायक श्याम सिंह, सोनू सिंह, मुकेश कुमार, राम दयाल साह, दीपक सिंह, गजेंद्र सिंह, अनिल कुमार, बबलू शर्मा, राहुल पांडे, पवन पांडे, उपेंद्र यादव, जियालाल, इंद्रमन सिंह, गायक राजू राज और जे.एन. चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रवासी एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समाज की विभिन्न संस्थाओं से संपर्क किया जा रहा है। 1 दिसंबर को अपैरल हाउस में आयोजित होने वाला यह समारोह भोजपुरी संस्कृति, सामाजिक एकता और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को याद करने का अवसर बनेगा।






