ई दिल्ली, 22 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मनाए गए हरियाणा स्टेट-डे में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा पवेलियन का भी अवलोकन किया और यहां पहुंचे उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस मेले की थीम “विकास और विरासत” हरियाणा के स्वभाव के अनुरूप है। यह हमारी प्राथमिकता भी है। हरियाणा वेदों-उपनिषदों की रचना-स्थली है, राखीगढ़ी की प्राचीन सभ्यता की धरा है और कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश की भूमि है। यही भाव इस पवेलियन में दिखता है। एक ओर हरियाणवी चौपाल है, दूसरी ओर एलईडी दीवारें और एआई-एआर सेल्फी बूथ हैं। यहां हरियाणा की माटी की महक भी है और हमारे लोगों के परिश्रम का गौरव भी। उन्होंने कहा कि यहाँ सजा हरियाणा पवेलियन प्रदेश की विरासत, सामर्थ्य और संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रख रहा है। जहां 10 शिल्पकारों एवं स्वयं सहायता समूहों तथा 22 एमएसएमई ने अपने स्टॉल लगाए हैं। उन्होंने आमजन से हरियाणा के उत्पाद खरीदकर शिल्पकारों के हुनर को पहचान दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में निवेश को बढ़ावा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पहली बार बनाया गया एक्सपोर्ट कॉर्नर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा पवेलियन में पहली बार एक्सपोर्ट कॉर्नर स्थापित किया गया है। यह कॉर्नर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के एक्सपोर्ट बढ़ाने के विजन और राज्य सरकार के संकल्प का जीवंत प्रतीक है। यहां हरियाणा के उद्यमियों के उत्पाद के साथ निर्माता का विवरण और उत्पाद की उपलब्धता का स्थान भी दिया गया है, ताकि देशी-विदेशी खरीदार बिना बिचौलिए के सीधे उत्पादक से आसानी से संपर्क कर सकें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारा संकल्प है कि गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर के साथ प्रदेश का हर जिला विकास यात्रा का बराबर का भागीदार बने। गुरुग्राम आईटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों का केंद्र है, फरीदाबाद इंजीनियरिंग का, मानेसर ऑटोमोबाइल का, पानीपत वस्त्र का, यमुनानगर प्लाईवुड का और अंबाला वैज्ञानिक उपकरणों का। सोनीपत-खरखौदा औद्योगिक विकास को नई गति दे रहे हैं। अप्रैल 2027 में गुरुग्राम में ‘हैपनिंग हरियाणा’ ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जाएगा।
विकसित भारत 2047 के संकल्प को करेंगे पूरा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने इसी महीने अपने गठन के 60 वर्ष पूरे किए हैं। यह हीरक जयंती हमारे किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के परिश्रम को नमन करने का अवसर है। अब इस प्रगति को अगली पीढ़ी के लिए और बड़े अवसरों में बदलना हमारी जिम्मेदारी है। उद्योग जगत स्वच्छ तकनीक, जल संरक्षण और श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, और युवाओं के कौशल प्रशिक्षण में भागीदार बनें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के संकल्प में हरियाणा पूरी शक्ति से योगदान देगा।

निवेश को बढ़ावा देना सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में निवेश को बढ़ावा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। बेहतर बुनियादी ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और ‘मेक इन हरियाणा’ औद्योगिक नीति के बल पर अक्टूबर 2024 के बाद से राज्य को लगभग 2.91 लाख करोड़ रुपये के 205 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 97 परियोजनाएं धरातल पर क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं। निवेशकों की जरूरतों को समझने के लिए हमने वैश्विक स्तर पर सीधा संवाद किया। हमारी जापान यात्रा अत्यंत सफल रही, जहां उद्योग प्रतिनिधियों से हुई 30 से अधिक बैठकों के परिणामस्वरूप 4,433 करोड़ रुपये के 8 MoU हुए, जिनमें से 6 परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ चुका है। इसी क्रम में सिंगापुर यात्रा के दौरान भी विभिन्न क्षेत्रों में 5,500 करोड़ रुपये के 4 महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुंबई और गुजरात से मिले भारी निवेश के साथ, हरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के लिए हम अप्रैल 2027 में ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन करने जा रहे हैं।
निवेश प्रस्ताव कागजों पर न रहें, जमीन पर उतरें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि निवेश प्रस्ताव कागजों पर न रहें, जमीन पर उतरें। इसी दृष्टि से हमने “मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026” लागू की है, जिसका लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 10 लाख रोजगार अवसर है। इन्वेस्ट हरियाणा सिंगल विंडो पोर्टल से प्रक्रियाएँ सरल और पारदर्शी बनी हैं। प्रदेश के 14 लाख से अधिक एमएसएमई हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। आज प्रदेश में 12 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं, और आधे से अधिक में कम से कम एक महिला निदेशक है। दो हजार करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स, गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब, और स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प विचार से विस्तार तक हर जिले की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देंगे।

हरियाणा ने हर नहीं मानी, हर चुनौती स्वीकार की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने याद दिलाया कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा बना तो बहुत से लोग कहते थे कि यह छोटा राज्य चल नहीं पाएगा। तब न पर्याप्त बिजली थी, न पक्की सड़कें और न उद्योग का आधार। लेकिन हरियाणा के लोगों ने हार नहीं मानी। उन्होंने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और अपने परिश्रम से हर आशंका का समाधान करते हुए उसे गलत साबित किया। उन्होंने आंकड़े रखते हुए कहा कि हम कहां से चले थे और आज कहां पहुंचे हैं। हरियाणा बना तब 7 जिले थे, आज 23 हैं। तब हमारी अर्थव्यवस्था 540 करोड़ रुपये की थी, आज 13 लाख 67 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक है। हमारी प्रति व्यक्ति आय तब 608 रुपये थी, आज लगभग ₹3 लाख 96 हजार है, जो राष्ट्रीय औसत से पौने दो गुना अधिक है। निर्यात तब लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये का था, आज 2 लाख 75 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक है।
जिसे छोटा समझा गया, उसी ने सबसे लंबी छलांग लगाई

पंजाब से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोनों राज्यों ने एक ही पृष्ठभूमि से यात्रा शुरू की थी। 1970-71 के आसपास देश की जीडीपी में पंजाब का हिस्सा 4.4 प्रतिशत और हरियाणा का 2.7 प्रतिशत था। आज एक छोटा राज्य होने के बावजूद हरियाणा का हिस्सा 3.6 प्रतिशत है, जबकि पंजाब का 2.4 प्रतिशत है। प्रति व्यक्ति आय में भी हरियाणा पंजाब से लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये आगे है। उन्होंने कहा कि पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई है, क्योंकि पूरा क्षेत्र कभी पंजाबी था और दोनों राज्यों का अटूट नाता है। पर्व भी सांझे हैं। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 तारीख को आने वाला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले तीर्थ स्थल कपाल मोचन मेले का उद्घाटन किया, जिसमें केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े हरियाणा के लोगों की मेहनत, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं और प्रदेश के लिए गर्व की बात हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पैरा एथलीट प्रणव सूरमा, पैरा एथलीट रिंकू, पैरा एथलीट दवेंद्र, पैरा एथलीट सुचिका हुड्डा को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हरियाणा ट्रेड फेयर एथॉरिटी की मुख्य प्रशासक श्रीमति ए.मोना श्रीनिवास, प्रशासक विनय प्रताप सिंह, हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौथरी व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।





