हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

SHARE:

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

दिल्ली, 20 नवंबर। हरियाणा की राजनीति से शुक्रवार को दुखद खबर सामने आई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का निधन हो गया। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे और अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। जानकारी के मुताबिक, फूल चंद मुलाना लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब सुबह 9 बजे उनका निधन हो गया।

साढ़े छह साल तक संभाली हरियाणा कांग्रेस की कमान

चौधरी फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में करीब साढ़े छह साल तक जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान वे पार्टी संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उन्हें हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहने वाले नेताओं में गिना जाता है।

चार बार रहे विधायक, हुड्डा सरकार में बने कैबिनेट मंत्री

फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। उन्होंने कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद वकालत से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1972 में उन्होंने पहली बार मुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने। इसके बाद वर्ष 1982 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1991 में कांग्रेस के टिकट पर तीसरी बार विधायक बने। वर्ष 2005 में मुलाना विधानसभा सीट से चौथी बार जीत दर्ज की। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया।

बेटे सांसद और बहू हैं विधायक

फूल चंद मुलाना का परिवार भी सक्रिय राजनीति से जुड़ा हुआ है। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि उनकी बहू पूजा चौधरी मुलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद हरियाणा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनके निधन से हरियाणा कांग्रेस ने अपना एक अनुभवी और वरिष्ठ नेता खो दिया है।

 

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में उपलब्ध सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की संभावनाओं से कराया गया अवगत

• IFFI-2026 के Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर सत्र में चर्चा • फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में उपलब्ध सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की संभावनाओं से कराया गया अवगत

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य