हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मंत्रीगण, विधायक और आमजन मिलकर बनाएंगे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-अभियान: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 05 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल आयोजन को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन तथा इनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।इस बैठक में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, डॉ अरविंद कुमार शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी तथा आरती सिंह राव एवं राज्यमंत्री गौरव गौतम भी बैठक में उपस्थित रहे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यमंत्री राजेश नागर भी बैठक में जुड़े। बैठक में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग तथा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिलावार तैयारियों, कार्यक्रमों के समन्वय तथा अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रबंधों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, लाभार्थियों तक पहुंचेगा अभियान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 23 जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा हरियाणा की प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 17 सितंबर की शाम प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों एवं आमजन के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाए तथा संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जाएं।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा इनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों में सेमिनार आयोजित किए जाएं। सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाए तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।
हर जिले में बने लाभार्थियों की सूची, कोई पात्र व्यक्ति न छूटे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियान के दौरान कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए। मंत्रीगण, विधायक, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी इस जनजागरण अभियान से जोड़ा जाए।उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सड़कों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि चित्रकला, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया जाए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाए। सरकारी एवं निजी दोनों स्कूलों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।







