दिल्ली-NCR में फिर आफत की बारिश! 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, गुरुग्राम में जलभराव से हाहाकार
दिल्ली 2 सितम्बर / दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है…आसमान में बादल हैं, कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 सितंबर से 5 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 2 से 4 सितंबर के बीच गरज-चमक और आंधी की भी संभावना जताई गई है।
बुधवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं गुरुग्राम में भी तेज बारिश के बाद कई जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली और सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख रास्तों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने वाला नहीं है। दिल्ली-NCR में रुक-रुककर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ऐसे में सबसे बड़ी चिंता जलभराव, ट्रैफिक जाम और निचले इलाकों में पानी भरने की है।
सिर्फ दिल्ली-NCR ही नहीं… देश के कई हिस्से इस समय बारिश की मार झेल रहे हैं। IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और कई दूसरे राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
ऐसे में अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं तो अगले कुछ दिनों तक मौसम को हल्के में लेने की गलती मत कीजिए। खासकर बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें और बिजली चमकने के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचें।
ऐसे में अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं तो अगले कुछ दिनों तक मौसम को हल्के में लेने की गलती मत कीजिए। खासकर बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें और बिजली चमकने के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचें।
यानी मानसून की विदाई से पहले बारिश ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है… और अगले चार दिन दिल्ली-NCR के लिए बेहद सतर्क रहने वाले हैं।








