August 24, 2026 12:46 pm

28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को जरूर पिलाएं पोलियो रोधी खुराक : डीसी उत्तम सिंह

जिले में लगभग 3.97 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा, 1613 बूथों सहित मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमें रहेंगी सक्रिय

गुरुग्राम, 26 जून।
जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब कोई भी पात्र बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों तक भी अभियान की पूरी पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले का प्रत्येक पात्र बच्चा पोलियो रोधी खुराक प्राप्त कर सके।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में पांच वर्ष तक की आयु के 3 लाख 97 हजार 265 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में 1613 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 1175 चार सदस्यीय तथा 313 दो सदस्यीय बूथ शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि बूथों के अतिरिक्त 155 मोबाइल टीमें और 50 ट्रांजिट टीमें भी गठित की गई हैं, जो बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, निर्माण स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए 5736 वैक्सीनेटर तथा 300 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिले के 501 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित कर वहां सघन निगरानी एवं विशेष अभियान चलाया जाएगा।

डॉ. जयप्रकाश ने अभिभावकों से अपील की कि वे पोलियो उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!