तावडू, 23 जून (नरेश मैहंदीरत्ता): शहर व क्षेत्र में आगामी 28 जून से शुरू हो रहे तीन दिवशीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार को एसडीएम कार्यालय तावडू में ब्लॉक टास्क फोर्स की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम तावडू एवं बीटीएफ अध्यक्ष जितेंद्र गर्ग ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग, यूएनडीपी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में एसएमओ डॉ निहाल सोलंकी ने बताया कि तावडू ब्लॉक में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 43138 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 206 पोलियो बूथ, 481 बूथ सदस्य, 230 घर-घर टीमें तथा 460 टीम सदस्य तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के दौरान सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। अभियान के दौरान लगभग 40389 घरों का भ्रमण किया जाएगा। हाई रिस्क क्षेत्रों, ईंट, भट्टों, झुग्गी बस्तियों, प्रवासी आबादी तथा निर्माण स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने सम्बन्धित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांव स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों तक संदेश पहुंचाने और ट्रांजिट प्वाइंट्स पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आईसीडीएस विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की सूची का सत्यापन करने और छूटे हुए बच्चों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं धार्मिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से भी अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे मिलकर शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तावडू क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
—————————————————–

















