तूफान के बाद हरियाणा में बिजली बहाली तेज

  • हरियाणा में आंधी-तूफान से प्रभावित बिजली व्यवस्था की बहाली तेज, 1,552 कर्मचारी दिन-रात जुटे – ऊर्जा मंत्री अनिल विज
  • 13,277 क्षतिग्रस्त बिजली खंभों की मरम्मत युद्धस्तर पर, अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल – अनिल विज
  • बिजली संकट पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज सख्त, अधिकारियों को शीघ्र आपूर्ति बहाल करने के निर्देश
  • हरियाणा में तूफान के बाद बिजली व्यवस्था पटरी पर, शेष क्षेत्रों में तेजी से जारी बहाली कार्य – अनिल विज
चंडीगढ़, 13 जून ।
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने प्रदेश में हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए तथा प्रभावित उपभोक्ताओं को न्यूनतम समय में राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विज ने बताया कि तेज आंधी और तूफान के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 13,277 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त अथवा उखड़ गए, जिनकी मरम्मत एवं पुनर्स्थापना का कार्य तेजी से जारी है। इनमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के 2,791 तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के 10,486 खंभे शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए विभाग द्वारा 1,552 कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इनमें यूएचबीवीएन के 620 तथा डीएचबीवीएन के 932 कर्मचारी एवं तकनीकी दल शामिल हैं, जो दिन-रात फील्ड में रहकर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य बिजली ढांचे की मरम्मत का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान की वजह से प्रदेश में 233 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है इसमें यूएचबीवीएन के तहत 32 गांव है जबकि डीएचबीवीएन के 201 गांव है। इसी प्रकार, प्रदेश में 842 फीडर प्रभावित हुए है जिनमें यूएचबीवीएन के 458 और डीएचबीवीएन 384 फीडर शामिल है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा/आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी, लेकिन विभाग की तत्परता और कर्मचारियों की मेहनत से अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है और विभाग का लक्ष्य है कि सभी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।
विज ने कहा कि राज्य सरकार और ऊर्जा विभाग आमजन को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए तथा जहां भी आवश्यक हो, अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि बिजली आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस दौरान धैर्य बनाए रखें तथा बिजली लाइनों या टूटे हुए खंभों के आसपास जाने से बचें। किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित बिजली कार्यालय या शिकायत केंद्र को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं तथा प्रदेश में बिजली व्यवस्था को पूर्ण रूप से सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!