- 17 जून को मनाई जाएगी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप महान की 486वीं जयंती।
- महाराणा प्रताप चौक पर वैदिक हवन से होगी शुरुआत !
हरियाणा/रेवाड़ी,13 जून।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के उपलक्ष्य में रेवाड़ी स्थित महाराणा प्रताप चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे आचार्य सुखदेव आर्य के नेतृत्व में वैदिक हवन के साथ होगी।
महाराणा प्रताप जयंती समिति द्वारा पिछले 33 वर्षों से ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया के अवसर पर इस जयंती को गरिमामय तरीके से मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी पुष्पांजलि एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान हिमालय परिवार की प्रांतीय टीम को प्रथम सिंधु कुंभ, लेह-लद्दाख में क्षेत्र के प्रतापी परिवारों को बड़ी संख्या में ले जाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सामान्य वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए निशुल्क फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऑल इंडिया राजपूत स्टूडेंट एड सोसायटी, चंडीगढ़ के माध्यम से हर वर्ष ₹1500 से ₹15000 तक की छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं, जिनकी कुल राशि लगभग 20 लाख रुपये होती है। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन में नंबरदार विजय सिंह चौहान एडवोकेट स्वागत अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, डीसीपी संतोष तंवर, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल, प्रो. दशरथ चौहान और हिमालय परिवार के प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समिति के महासचिव गजराज सिंह चौहान ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए समिति की पूरी टीम अध्यक्ष राव नरेश चौहान राष्ट्रपूत के नेतृत्व में तैयारियों में जुटी हुई है।

















