राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती

SHARE:

गुरुग्राम, 14 अप्रैल।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों, विचारों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान से अवगत कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार यादव एवं मेरा युवा भारत की प्रतिनिधि ममता धवन द्वारा डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के बिना किसी भी राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है, और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने डॉ. आंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण, सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध उनके प्रयासों तथा संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

इसके अतिरिक्त संस्थान द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया गया, जिसमें लगभग 450 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता, शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

यह संपूर्ण कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और एक समतामूलक समाज के निर्माण की भावना विकसित करने में अत्यंत प्रभावी रहा। ऐसे आयोजन न केवल प्रेरणादायक होते हैं, बल्कि युवाओं को उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करते हैं।

HM News India
Author: HM News India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य